घरौंडा में यमुना के तटबंध टूटने से करीब एक दर्जन गांवों में भरा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। डेरा सदरपुर में यमुना के पानी ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। पानी के बहाव में कई घर ढह गए तो कई घरों में दरारें पड़ गईं। घर में रखा सामान भीग जाने से लोगों के सामने भूखो मरने की नौबत आ गई है। यमुना का पानी कुछ कम जरूर हुआ है, लेकिन अभी भी पानी घरों के आस पास जमा है। कुदरत की मार झेल रहे लोगों का आरोप है कि प्रशासन उनकी कोई सुध नहीं ले रहा है… अधिकारी आते हैं और सिर्फ़ मुआयना कर लौट जाते हैं। कुछ लोग तो ऐसे भी मिले जिन्होंने कई दिन से कुछ नहीं खाया है। दोपहर बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौक़े पर पहुंची और गांव में हालात का जायज़ा लिया।