पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजीव गांधी की सरकार में बेहद प्रभावशाली नेता रहे अरुण नेहरू का निधन हो गया। नेहरू लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। 69 साल के नेहरू राजीव गांधी की सरकार में आंतरिक सुरक्षा मंत्री थे। गुरुवार को गुड़गांव के एक हॉस्पिटल में रात 10:47 पर उन्होंने अंतिम सांस ली। इनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को दिल्ली के लोधी शमशान घाट पर किया जाएगा। अरुण नेहरू को 18 दिन पहले हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार में पत्नी सुभद्रा और दो बेटियां हैं। इनका जन्म लखनऊ में हुआ था। वह 3 बार लोकसभा सांसद चुने गए। 1980 के दशक में वह सरकार के अलावा कांग्रेस में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। एक वक्त ऐसा भी आया जब वह कांग्रेस से पूरी तरह दूर हो गए। 1989 में उन्होंने जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उत्तर प्रदेश के बिल्हौर से वह तीसरी बार सांसद चुने गए थे।