हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी गुड़गांव के मेडिसिटी मेदांता में भर्ती हैं। किरण चौधरी पर कल शाम हमला हुआ था। दरअसल किरण चौधरी अपनी बेटी और भिवानी महेंद्रगढ़ से कांग्रेस उम्मीद्वार श्रुति चौधरी का प्रचार करने नारनौल के कोरियावास गांव पहुंची थीं। किरण चौधरी जैसे ही लोगों को संबोधित करने लगी किसी ने उन पर पथराव कर दिया। एक पत्थकर उनके सीने पर लगा। इसके बाद उन्हें नारनौल के सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें गुड़गांव के मेदांता रेफर कर दिया गया। किरण चौधरी को मेदांता के एमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों की मानें तो यहां उनका सिटी स्कैन किया गया। श्रुति चौधरी भी किरण चौधरी के साथ मेदांता पहुंची। किरण चौधरी के मेदांता में आने की खबर मिलते ही उनके समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मेदांता पहुंचने लगे।