विजिलेंस के डीएसपी पर भिवानी के एक टीचर ने गम्भीर आरोप लगाए हैं। विजिलेंस के डीएसपी फूल सिंह पर ना सिर्फ रिश्वत लेने बल्कि टीचर को झूठे मामले में फंसाने के भी आरोप लगे हैं। आरोप भिवानी की इंद्रा कॉलोनी में रहने वाले भगत सिंह नाम के टीचर ने लगाए हैं। अपने आरोपों सही बताते हुए भगत सिंह ने एक स्टिंग ऑपरेशन की वीडियो भी जारी की है। दरअसल, भगत सिंह की पत्नी विजय लक्ष्मी इंद्रा कालोनी में ही कोचिंग सेंटर चलाती थी। सेंटर छह महीने पहले बंद हो चुका है। मामला 18 दिसम्बर 2013 का है। भगत सिंह का कहना है कि उस दिन उसके पास तीन युवक आए। उन्होंने एक युवक के लिए फर्जी डिग्री बनवाने की बात की। इस बीच किसी एक ने साजिश के तहत विजिलेंस को फोन किया। तभी तीनों युवकों में से एक ने भगत सिंह के समाने कुछ पैसे रख दिए। इतने में विजिलेंस की टीम अंदर आई और उसने भगत सिंह को पकड़ लिया। विजिलेंस की टीम का नेतृत्व डीएसपी फूल सिंह कर रहे थे। आरोप है कि उसके बाद फूल सिंह ने भगत सिंह पर दबाव बनाकर कम्प्यूटर डिप्लोमा का झूठा सर्टिफिकेट बनवाया। उसके बाद इस मामले को रफा दफा करने के लिए भगत सिंह से बार बार रिश्वत भी मांगी गई। पुलिस इस मामले में कार्रवाई करने के लिए कितनी संजिदा है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तमाम सबूतों और स्टिंग के बावजूद अब तक आरोपी डीएसपी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

By admin