प्रदेश में आज भी अंधविश्वास की जडें कितनी गहरी है इसका उद्हारण हांसी के ढाणी गांव में देखने को मिला। जहां देवी को खुश करने के लिए एक मजदूर ने पांच साल के एक बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। हांसी के ढ़ाणी राजू गांव के खेतों में एक गड्ढ़े में पांच साल के एक मासूम बच्चे का शव मिला है। शव की पहचान यूपी निवासी मजदूर रिंकू के बेटे शिवा के रूप में हुई है, जो ईंट भट्ठे पर ईंट थापने का काम करता है। मृतक के परिजनों ने ईंट भट्ठे पर ही काम करने वाले प्रकाश मजदूर पर देवी को खुश करने के लिए बच्चे की बलि चढ़ाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पूछताछ के लिए आरोपी मजदूर को भी हिरासत में ले लिया है।