यौन शोषण के आरोपी कांग्रेस नेता प्रदीप सांगवान की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं. बिजनौर निवासी एक महिला के साथ यौन शोषण के मामले में प्रदीप सांगवान को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम देहरादून की अदालत ने भगोड़ा घोषित किया है. कोर्ट ने सांगवान को सरेंडर करने के लिए तीस दिन का वक्त दिया है. तीस दिन में सांगवान ने अगर सरेंडर नहीं किया तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी. काबिलेगौर है कि देहरादून के सहस्त्रधारा स्थित जॉयलैंड वाटर पार्क के मालिक और कांग्रेस नेता प्रदीप सांगवान के खिलाफ उत्तरप्रदेश के बिजनौर की एक महिला ने दो साल तक यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाने का मामला देहरादून के राजपुर थाने में दर्ज कराया था. पीडित महिला पार्क में ही कैशियर के तौर पर काम करती थी. महिला के आरोप के बाद मामले में 164 के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, लेकिन सांगवान की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है. तीन मई को पुलिस ने प्रदीप सांगवान स्थित आवास पर छापा मारकर लैपटॉप, मोबाइल जब्त किया था.