नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट का पहला विस्तार हो गया है। कैबिनेट विस्तार में चार कैबिनेट, 14 राज्यमंत्री और तीन स्वतंत्र प्रभार के मंत्री बनाए गए हैं। सबसे पहले मनोहर पर्रिकर ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। उनके बाद सुरेश प्रभु, जे.पी. नड्डा और फिर चौ. बीरेंद्र सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

इसके बाद मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रुप में बंडारू दत्तात्रेय, राजीव प्रताप रूडी और महेश शर्मा ने शपथ ली। मुख्तार अब्बास नकवी, रामकृपाल यादव, हरिभाई चौधरी, सांवरलाल जाट, मोहन कुंदारिया, गिरिराज सिंह, हंस राज अहीर, रामशंकर कठेरिया, वाई.एस. चौधरी और जयंत सिन्हा ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इनके अलावा राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबुल सुप्रियो, साध्वी निरंजन ज्योति, विजय सांपला ने भी राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

कौन हैं ये मोदी के नए ‘सिपहसालार’ ?

चौधरी वीरेंद्र सिंह हरियाणा के कद्दावर कांग्रेस नेता रहे हैं। लोकसभा चुनावों से ठीक पहले वह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए। फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।

साफ−सुथरी छवि के नेता मनोहर पर्रिकर गोवा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। आईआईटी इंजीनियर पर्रिकर को प्रधानमंत्री मोदी का बेहद करीबी माना जाता है। पर्रिकर फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, इसलिए इनको उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में लाए जाने के आसार हैं।

राज्यसभा सदस्य जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश से आते हैं। नड्डा प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के काफी करीबी माने जाते हैं और उनका आरएसएस से पुराना रिश्ता है। नड्डा हिमाचल प्रदेश में भी मंत्री रह चुके हैं।

सुरेश प्रभु शिवसेना के नेता हैं और उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पसंद माना जाता है। सुरेश प्रभु वाजपेयी सरकार में बिजली मंत्री रह चुके हैं। वह फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं है।

बंडारु दत्तात्रेय तेलंगाना के सिकंदराबाद से भाजपा सांसद हैं। राजीव प्रताप रुडी बिहार के सारण से भाजपा सांसद हैं। वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। नोएडा से सांसद महेश शर्मा ने स्वतंत्र प्रभार के तौर पर शपथ ली।

मुख्तार अब्बास नकवी ने यूपी से राज्यसभा सांसद और कैबिनेट में भाजपा के मुस्लिम चेहरा हैं। रामकृपाल यादव बिहार के पाटलिपुत्र से भाजपा सांसद हैं, इन्होंने लालू यादव की बेटी मीसा भारती को हराया है।

हरिभाई पार्थीभाई चौधरी ने गुजरात से भाजपा सांसद हैं, चौथी बार लोकसभा से चुने गए हैं। सांवरलाल जाट ने अजमेर से भाजपा सांसद हैं, इन्होंने से कांग्रेस के सचिन पायलट को पौने दो लाख वोट से हराया। मोहनभाई कुंदेरिया राजकोट से सांसद हैं।

गिरिराज सिंह को राज्यमंत्री बनाया गया है। गिरिराद सिंह को मोदी का कट्टर समर्थक माना जाता है। हंसराज अहीर महाराष्ट्र के चंद्रपुर से भाजपा सांसद हैं। प्रोफेसर रामशंकर कठेलिया यूपी के आगरा से भाजपा सांसद हैं। टीडीपी से सांसद वाई एस चौधरी को राज्यमंत्री बनाया गया।

जयंत सिन्हा हजारीबाग से भाजपा सांसद हैं। पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के बेटे हैं। राज्यवर्धन सिंह राठौड़  ओलंपिक पदक विजेता हैं। गायक बाबुल सुप्रियो ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली, पश्चिम बंगाल के एक मात्र भाजपा सांसद हैं। इसके अलावा साध्वी निरंजन ज्योति उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से भाजपा सांसद हैं।

By admin