प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी इनेलो को दक्षिणी हरियाणा में दोहरा झटका लगा है। क्यों की एक के बाद एक दो बड़े नेताओं ने पार्टी छोड दी है। शुक्रवार को जहां राव अजीत सिंह ने इनेलो छोड़ने का ऐलान किया था वहीं शनिवार को बावल से इनेलो विधायक रामेश्वर दयाल ने पार्टी को अलविदा कह दिया। राव अजीत सिंह ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए इनेलो को एक व्यक्ति विशेष की पार्टी बताया है। वहीं बावल से वर्तमान में विधायक रामेश्वर दयाल ने भी पार्टी पर अनदेखी के आरोप लगाए हैं। दयाल का कहना है कि पार्टी में एक कार्यकर्ता की पहुंच विधायक से कहीं ज्यादा है।
चुनावी मौसम में दलबदल का दौर जारी है। लेकिन दो बड़े नेताओं के एक साथ पार्टी छोड़ने से इनेलो को दक्षिणी हरियाणा में तगड़ा झटका लगा है। राव अजीत सिंह गुड़गांव लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत के भाई है वहीं रामेश्वर दयाल की भी बावल विधानसभा इलाके में अच्छी पैठ है। ऐसे में इनेलो को लोकसभा चुनावों के साथ साथ आने वाले विधानसभा चुनावों में भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।